सीवान : सुशीला देवी को न्याय दिलाने को लेकर गरजी कांग्रेस, गुठनी थाने पर प्रदर्शन 3 जुलाई

Share

सुशीला देवी को न्याय दिलाने को लेकर गरजी कांग्रेस: गुठनी थाने पर प्रदर्शन कल, भू-माफिया और लोन कंपनियों के खिलाफ उठाई आवाज

जांच में सामने आया संगठित जाल, कमजोर तबके को बनाया जा रहा शिकार

कर्ज और सूदखोरी से टूट चुकी थीं सुशीला देवी, मुथूट माइक्रोफिन पर गंभीर आरोप

जिला मुख्यालय पर भी होगा जोरदार प्रदर्शन, कांग्रेस ने दिया चरणबद्ध आंदोलन का संकेत


केएमपी भारत। सीवान।
गुठनी के मिश्रौली गांव की दलित महिला सुशीला देवी की आत्महत्या मामले में कांग्रेस ने जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता कर सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने कहा कि सुशीला देवी की मौत एक योजनाबद्ध आर्थिक शोषण का परिणाम है, और इस मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई में जानबूझकर देरी की जा रही है और आरोपित अब तक फरार हैं।

जिलाध्यक्ष ने बताया कि कांग्रेस की एक जांच टीम ने पीड़िता के घर जाकर पूरे मामले की जांच की। जांच में यह सामने आया कि एक संगठित गिरोह गरीब और दलित तबके की महिलाओं को माइक्रोफाइनेंस के जाल में फंसाकर उनका आर्थिक और मानसिक शोषण कर रहा है। उन्होंने कहा कि सुशीला देवी ने मुथूट माइक्रोफिन कंपनी से ₹65,000 का लोन लिया था, लेकिन कंपनी के कर्मचारी लगातार सूद वसूली और अपमानजनक व्यवहार कर रहे थे, जिससे मानसिक तनाव में आकर उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया।

बैंकिंग के निजीकरण को बताया कारण
सुशील कुमार ने मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण कर गरीबों को राहत देने की व्यवस्था बनाई थी, लेकिन वर्तमान सरकार निजीकरण को बढ़ावा दे रही है जिससे इस तरह की फाइनेंस कंपनियों की मनमानी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि मुथूट माइक्रोफिन जैसी कंपनियां सूदखोरी कर गरीब महिलाओं को बर्बादी की ओर धकेल रही हैं।

गुठनी थाने पर होगा प्रदर्शन, जल्द जिला मुख्यालय पर भी आंदोलन
उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस कार्यकर्ता कल, 3 जुलाई को गुठनी थाने पर धरना प्रदर्शन करेंगे और इसके बाद जिला मुख्यालय पर भी बड़ा रोष प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों को गिरफ्तार कर स्पीडी ट्रायल नहीं चलाया गया, तो कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन चलाएगी।

‘दलित परिवार को टारगेट कर रही डबल इंजन सरकार’
कांग्रेस नेता अशोक सिंह ने कहा कि सुशीला देवी का परिवार दलित वर्ग से आता है और उनके पति मुकेश राम राज मिस्त्री हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकार कमजोर तबकों पर अत्याचार करने वालों को संरक्षण दे रही है।

कांग्रेस नेता जवाहर राम ने कहा कि मृतका ने 10 महीने तक किश्तें भरी थीं और मरने से पहले भी बोली थी कि शाम तक पैसा लौटा देंगी, लेकिन मुथूट कंपनी के अमानवीय व्यवहार ने उन्हें जान देने पर मजबूर कर दिया।

‘थाने से लेकर ब्लॉक तक फैला है भ्रष्टाचार’
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष इन्दु देवी ने प्रशासन पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि थाना से लेकर ब्लॉक तक भ्रष्टाचार फैला हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब चुप नहीं बैठेगी और महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए प्रदेशव्यापी अभियान चलाएगी।

इन नेताओं की रही उपस्थिति
इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. विधुशेखर पाण्डेय, शिवधारी दुबे, प्रद्युम्न राय, अभिषेक मिश्रा, अमित कुशवाहा, प्रमोद चौधरी, बृज किशोर सिंह और बब्लू कुमार समेत कई नेता मौजूद थे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31