Siwan News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर दुर्गा मंदिर में विशेष पूजा, विधायक मंगल पाण्डेय ने की दीर्घायु की कामना

Share

’12 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के तहत सिवान में आयोजित हुआ धार्मिक अनुष्ठान; भाजपा नेताओं ने गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां, कार्यकर्ताओं की रही बड़ी मौजूदगी

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l सिवान |

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “12 साल बेमिसाल” कार्यक्रम के तहत बुधवार को सिवान शहर के कचहरी रोड स्थित दुर्गा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सिवान सदर के विधायक, बिहार भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तथा बिहार सरकार के पूर्व स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री मंगल पाण्डेय ने मां दुर्गा की पूजा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य तथा देश, बिहार और सिवान के निरंतर विकास एवं समृद्धि की कामना की।

पूजा-अर्चना के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंगल पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने कहा कि आज वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है। आधारभूत संरचना के विस्तार, आर्थिक विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन ने देश को नई दिशा दी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का कार्यकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो रहा है। उनके नेतृत्व में देश ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं और विश्व मंच पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। जनता का लगातार बढ़ता विश्वास इस बात का प्रमाण है कि देश विकास और सुशासन की राजनीति के साथ मजबूती से खड़ा है।

मंगल पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। यही कारण है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को देश के 21 से अधिक राज्यों में जनता की सेवा करने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में भी जनता प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर अपना भरोसा जता रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा को समर्पित रहा है और उनका सेवा भाव देश के करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। मां दुर्गा से प्रार्थना करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वस्थ और दीर्घायु रहें तथा लंबे समय तक देश की सेवा करते रहें।

इस अवसर पर बिहार भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नन्द प्रसाद चौहान ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने विकास और सुशासन की नई गाथा लिखी है। गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए संचालित योजनाओं ने समाज में व्यापक सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। वहीं प्रदेश मंत्री मुकेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि “12 साल बेमिसाल” कार्यक्रम सेवा, सुशासन और विकास की ऐतिहासिक यात्रा का उत्सव है। आज भारत विश्व मंच पर एक आत्मविश्वासी और सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित हो चुका है।

कार्यक्रम में प्रो. अभिमन्यु कुमार सिंह, संजय पाण्डेय, चंद्रकेतु सिंह, राजेश श्रीवास्तव, भाजपा नेत्री श्रीमती लिसा लाल, किरण गुप्ता, भाजपा सिवान के मीडिया प्रभारी आदित्य कुमार पाठक, पंकज किशोर सिंह, मुकेश कसेरा, संतोष राउत, अजित चौरसिया, अजय पासवान, सोनू सिंह, जयप्रकाश गुप्ता, सुभाष सिंह कुशवाहा, प्रेम माझी, सुमित भारद्वाज, अर्जुन गुप्ता, सुनीता जायसवाल, मीनाक्षी सिंह, अर्चना सिंह, करिश्मा शर्मा, आरती गुप्ता और अमित कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के विकास को लेकर विश्वास व्यक्त किया और उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031