Bihar State Athletics Meet: 92वीं बिहार स्टेट एथलेटिक्स मीट में सिवान का दमदार प्रदर्शन, 21 पदक जीतकर पांचवें स्थान पर रहा जिला

Share

अंडर-14 बालक वर्ग में ओवरऑल रनर-अप चैंपियन बना सिवान; चयनित खिलाड़ियों को ट्रेनिंग के बाद ईस्ट जोन नेशनल में मिलेगा मौका

स्पोर्ट्स न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

खेल संवाददाता I सिवान

पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 10 से 13 जून तक आयोजित 92वीं बिहार राज्य जूनियर एवं सीनियर एथलेटिक्स मीट-2026 में सिवान जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। बिहार राज्य एथलेटिक्स संघ एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में सिवान टीम ने 7 स्वर्ण, 12 रजत और 2 कांस्य पदक सहित कुल 114 अंक अर्जित किए। टीम समग्र अंक तालिका में पांचवें स्थान पर रही, जबकि अंडर-14 बालक वर्ग में ओवरऑल रनर-अप चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष डॉ. ख्वाजा एहतेशाम अहमद ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार पदकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि अधिकांश पदक ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने जीतकर यह साबित कर दिया है कि एथलेटिक्स अब गांव-गांव तक पहुंच चुका है।

जिला सचिव डॉ. आमिर ने बताया कि टीम ने राष्ट्रीय महिला कोच सुश्री पूजा कुमारी, टीम मैनेजर शाह आजम और टीम कोच कुलदीप कुमार के नेतृत्व में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान जिला एथलेटिक्स संघ के उपाध्यक्ष पदम बिलोचन गिरी भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए मौजूद रहे।

स्वर्ण पदक विजेताओं में संदीप यादव (अंडर-16, 60 मीटर दौड़), अलका सिंह (अंडर-20, शॉट पुट), अमन कुमार (अंडर-20, शॉट पुट एवं डिस्कस थ्रो), प्रताप कुमार सिंह (पुरुष वर्ग, शॉट पुट) तथा पूजा सिंह (महिला वर्ग, 10 हजार मीटर दौड़) शामिल हैं।

रजत पदक जीतने वालों में आदर्श कुमारी तिवारी (किड जेवलिन), यशवंत सिंह (हैमर थ्रो), सौम्या राय (शॉट पुट), सुहानी परवीन (जेवलिन थ्रो), शिल्पी कुमारी एवं प्रशांत कुमार राय (ट्रायथलॉन), सुधांशु कुमार (4×100 मीटर रिले) शामिल रहे। अंडर-20 बालक वर्ग की 4×100 मीटर रिले टीम में प्रदीप कुमार, मो. सरफराज, सुधांशु कुमार और निहाल रेहान ने भी रजत पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया।

कांस्य पदक विजेताओं में सुधांशु कुमार (100 मीटर दौड़) और दिव्यांश दुबे (अंडर-14 ट्रायथलॉन) शामिल हैं।

राष्ट्रीय महिला कोच पूजा कुमारी ने बताया कि पदक विजेता एवं चयनित खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके बाद उन्हें ईस्ट जोन राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

इस उपलब्धि पर जिला एथलेटिक्स संघ के उपसचिव अधिवक्ता कबीर अहमद, तकनीकी निदेशक विनय कुमार, उपाध्यक्ष जावेद अशरफ खान, डॉ. रामेश्वर सिंह, दिलीप कुमार, कार्यकारिणी सदस्य सिद्धि कुमार, रवि श्रीवास्तव, अभिजीत कुमार, अधिवक्ता दाऊद अली, रितेश कुमार, विजय प्रताप सिंह, संजय पाठक, नेमत खान आजाद, गोविंद कुमार गुप्ता, शिवम कुमार सिंह, सुभाष कुमार, अरिंदम चटर्जी, रमेश कुमार और विजय चट्टान ने खिलाड़ियों को बधाई दी। वहीं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. मधुरेश कुमार, शाइनिंग स्टार स्कूल के प्रिंसिपल मो. शाद इकबाल सिबली तथा लिमरा होटल के जमशेद अली ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930