महाराजगंज के गौर गांव में सनसनी, घरेलू विवाद और मानसिक परेशानी से जुड़ी बताई जा रही घटना
सेंट्रल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता। महराजगंज (सिवान) :
महाराजगंज थाना क्षेत्र के गौर गांव में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव स्थित एक आम के बगीचे में अमरूद के पेड़ से युवक का झूलता हुआ शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान गौर गांव निवासी रामविलास महतो के 35 वर्षीय पुत्र सुदामा महतो के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक और भय का माहौल बन गया।
बगीचे में मिला शव, मचा हड़कंप
ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार सुबह जब कुछ लोग खेत की ओर जा रहे थे, तभी उनकी नजर अमरूद के पेड़ पर लटकते शव पर पड़ी। पहले तो लोग सन्न रह गए, फिर आसपास के लोगों को बुलाया गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ जुट गई और गांव में हड़कंप मच गया।
पहचान के बाद परिजनों में कोहराम
शव की पहचान सुदामा महतो के रूप में होते ही परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। ग्रामीणों ने बताया कि सुदामा महतो मानसिक रूप से अस्वस्थ था और आए दिन घर में किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। मृतक ने दो शादियां की थीं, जिससे पारिवारिक तनाव और बढ़ गया था।
पुलिस मौके पर, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही महाराजगंज थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी एवं एएसआई अमरेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया।
हत्या या आत्महत्या, दोनों बिंदुओं पर जांच
थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों ही बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है, वहीं गांव में शोक की लहर व्याप्त है।






