ShriRam Mahotsav: गांधी मैदान में श्रीराम जन्म महोत्सव का भव्य आगाज, 27 मार्च तक चलेगा आयोजन

Share

जबलपुर से आईं शिरोमणी दूबे की संगीतमय रामकथा ने श्रद्धालुओं को किया भावविभोर

सेंट्रल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

कृष्ण मुरारी पांडेय l सिवान

शहर के ऐतिहासिक गांधी मैदान में गुरुवार से श्रीराम जन्म महोत्सव का भव्य शुभारंभ हो गया। 49वें वर्ष में प्रवेश कर चुका यह धार्मिक आयोजन 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

महोत्सव के पहले दिन जबलपुर (मध्यप्रदेश) से पधारीं प्रसिद्ध संगीतमय रामकथा वाचिका श्रीमती शिरोमणी दूबे ने अपने मनमोहक प्रवचन और मधुर भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने कहा कि राम कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाने का माध्यम है। “यदि मनुष्य को सही तरीके से जीवन जीने का ढंग आ जाए, तो मृत्यु का भय स्वतः समाप्त हो जाता है और व्यक्ति परिपूर्णता की ओर बढ़ता है,”।

श्रीमती दूबे ने आगे कहा कि आज के समय में मनुष्य के भीतर काम, मोह और माया का जो “प्रदूषण” है, उसे दूर करने के लिए राम कथा से जुड़ना अत्यंत आवश्यक है। बिना राम कथा के यह आंतरिक शुद्धि संभव नहीं है। उनके द्वारा प्रस्तुत गीत—“सबका बेड़ा पार लगाती राम कथा, जीवन का आधार बनाती राम कथा”—ने पूरे पंडाल में आध्यात्मिक माहौल बना दिया और श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

- Sponsored -

आयोजन समिति के अनुसार, महोत्सव के दौरान प्रतिदिन प्रातःकालीन पूजन, मानस का नवाह्न पाठ आचार्य विरेन्द्र पाण्डेय एवं उनके सहयोगियों द्वारा किया जाएगा। वहीं दिन और रात्रि में देशभर से आए प्रसिद्ध संत, विद्वान और प्रवचनकर्ताओं के प्रवचन होंगे।

इस वर्ष जिन प्रमुख प्रवचनकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित हुई है, उनमें कानपुर से राष्ट्रीय मानस प्रवक्ता पं. आलोक कुमार मिश्रा, अयोध्या धाम से मानस व्याख्याता पं. प्रहलाद मिश्रा और वाराणसी से मानस मधुकर पं. रामेश्वर उपाध्याय शामिल हैं। सभी विद्वान अपने-अपने विशेष शैली में रामचरितमानस के विभिन्न प्रसंगों का व्याख्यान करेंगे।

महोत्सव का मुख्य आकर्षण 27 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा होगी। यह शोभायात्रा दोपहर 1 बजे गांधी मैदान से प्रारंभ होकर शहर के निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए पुनः गांधी मैदान में ही समापन होगी। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की है।

समिति के सदस्यों की अहम भूमिका

कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री राम जन्म महोत्सव न्यास (ट्रस्ट) के पदाधिकारियों और सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसमें अध्यक्ष सुनील दत्त शुक्ला, सचिव मुकेश कुमार और कोषाध्यक्ष बबलू सरैया सक्रिय रूप से व्यवस्था संभाल रहे हैं। वहीं संरक्षक मंडल में शामिल शिवनाथ सिंह, रंग बहादुर सिंह, राजेंद्र कुमार उर्फ मुन्ना जी और सतीश सिंह आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। इसके अलावा गोपाल फार्मा के प्रबंधक विवेक लाल और भाजपा नेत्री लिसा लाल आयोजन में विशेष सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

गौरतलब है कि श्रीराम जन्म महोत्सव की स्थापना वर्ष 1978 (विक्रम संवत् 2034) में हुई थी और तब से यह आयोजन लगातार श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। इस पूरे कार्यक्रम का संचालन श्री राम जन्म महोत्सव न्यास (ट्रस्ट) द्वारा किया जा रहा है।

धार्मिक आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक परंपरा के संगम के रूप में यह महोत्सव सीवान जिले के प्रमुख आयोजनों में अपनी खास पहचान बनाए हुए है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930