Siwan: भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र में गोली लगने की घटना को लेकर सामने आई लूट की कहानी हुई पुलिस जांच में पूरी तरह झूठी साबित

Share

भ्रामक लूट की कहानी निकली झूठी: अवैध हथियार की टेस्टिंग में चली गोली, युवक घायल


साथी ने बार-बार बदला बयान, सख्ती से पूछताछ में हुआ खुलासा; एक सप्ताह पहले ही जेल से छूटा था आरोपी

सेंट्रल डेस्क l केएमपी भारत l पटना

कृष्ण मुरारी पांडेय। सीवान।

भगवानपुरहाट थाना क्षेत्र में गोली लगने की घटना को लेकर सामने आई लूट की कहानी पुलिस जांच में पूरी तरह झूठी साबित हुई है। पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा के कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि यह मामला लूटपाट का नहीं, बल्कि अवैध हथियार के परीक्षण के दौरान हुई दुर्घटना का है।

जानकारी के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 की शाम करीब 3:45 बजे भगवानपुरहाट थाना को सूचना मिली कि सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र के सरैया रत्नाकर निवासी पवन कुमार को गोली लग गई है। उसे उसका साथी दीपक कुमार आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, भगवानपुर लेकर पहुंचा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घायल से संबंधित जानकारी जुटाई। प्राथमिक उपचार के बाद पवन कुमार को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सिवान रेफर कर दिया गया।

घटना की प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को दीपक कुमार के बयान पर संदेह हुआ, क्योंकि वह बार-बार अपनी बात बदल रहा था। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने सच्चाई उगल दी। दीपक ने स्वीकार किया कि वह पवन कुमार के साथ बहियारा गांव के समीप चंवर में अवैध हथियार का परीक्षण कर रहा था। इसी दौरान उससे अनजाने में गोली चल गई, जो पवन कुमार को जा लगी।

घटना को छुपाने और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए दोनों ने मिलकर लूटपाट की झूठी कहानी गढ़ी थी और चुपचाप इलाज कराने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि दीपक कुमार का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वह महज एक सप्ताह पहले ही छपरा जेल से रिहा हुआ था।

पुलिस ने इस मामले में भगवानपुरहाट थाना में कांड दर्ज कर लिया है और आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही घटना में इस्तेमाल किए गए अवैध हथियार की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031