आस्था सिंह बनी टॉपर, विशेष गुप्ता और असद अली ने भी हासिल किया स्थान
कई विषयों में छात्रों ने 90+ अंक पाकर बढ़ाया विद्यालय का गौरव
एजुकेशन डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता। सीवान
सीवान शहर के हरदिया मोड़ स्थित इम्मानुएल मिशन हाई स्कूल ने इस वर्ष सीबीएसई दसवीं परीक्षा परिणाम में शानदार सफलता हासिल की है। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज किया, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल अपने अभिभावकों बल्कि विद्यालय का भी नाम रोशन किया है।
इस वर्ष परीक्षा में छात्रा आस्था सिंह ने सर्वाधिक अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय परिवार में गर्व का माहौल है। वहीं, विशेष गुप्ता ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि असद अली ने तृतीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। स्वरित शेखर चौथे स्थान पर रहे और अलतमश मेराजूदिन ने पांचवां स्थान प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में चार चांद लगा दिए।

विषयवार प्रदर्शन की बात करें तो कई छात्रों ने अलग-अलग विषयों में 90 से अधिक अंक प्राप्त कर अपनी मेहनत और लगन का परिचय दिया। गणित विषय में मो. तमीम ने 90 अंक हासिल किए। विज्ञान में असद अली ने 98 अंक, स्वरित शेखर ने 96 अंक प्राप्त किए, जो विद्यालय के लिए गर्व की बात है। अंग्रेजी विषय में नील कुमार ने 94 अंक, श्रेया कुमारी ने 92 अंक और आस्था सिंह ने भी 92 अंक प्राप्त किए।
हिंदी विषय में आस्था सिंह ने 96 अंक प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता साबित की, जबकि ऐंजेल कुशवाहा ने 94 और अनन्या कुमारी ने 90 अंक हासिल किए। सामाजिक विज्ञान में असद अली ने 98 अंक प्राप्त कर टॉप किया, वहीं आस्था सिंह और अलतमश ने 94-94 अंक प्राप्त किए। संस्कृत में दिव्यांशु राज ने 94 अंक हासिल किए, जबकि उर्दू विषय में अनस गफूर ने 95 अंक और अलीशा अहसान ने 94 अंक प्राप्त किए। अलतमश ने भी उर्दू में 94 अंक हासिल किए।
कंप्यूटर विषय में ऋषभ और स्वरित शेखर ने 95-95 अंक प्राप्त किए, जबकि विशेष गुप्ता ने 94 अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। छात्रों की इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, शिक्षकों का मार्गदर्शन और अभिभावकों का सहयोग महत्वपूर्ण रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक बिशप डॉ. ई. ए. अब्राहम, बिजनेस एडमिनिस्ट्रेटर प्रिंस अब्राहम, प्राचार्या एवं सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह परिणाम विद्यालय के अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और छात्रों की मेहनत का प्रतिफल है।

विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल छात्रों को सम्मानित करने की भी घोषणा की है। इस उपलब्धि से विद्यालय और क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाई मिली है और आने वाले वर्षों के लिए एक प्रेरणा स्थापित हुई है।






