बडहरिया थाना चौक पर पटाखे, ढोल-ताशे और मिठाइयों के साथ मनाई खुशी, नेताओं ने इसे सुशासन की जीत बताया
पॉलिटिकल डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता l सिवान
सीवान जिले के बडहरिया थाना चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल, असम और पांडुचेरी में पार्टी की प्रचंड जीत पर जोरदार जश्न मनाया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाउपाध्यक्ष अनुरंजन मिश्रा ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े, ढोल-ताशे बजाए और एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर खुशी का इजहार किया। आम लोगों के बीच भी मिठाइयों का वितरण किया गया, जिससे पूरे इलाके में उत्सव का माहौल बन गया।

जश्न के दौरान आतिशबाजी ने माहौल को और भी उत्साहित कर दिया। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने पार्टी के पक्ष में नारेबाजी की और जीत को ऐतिहासिक बताया। मौके पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे भाजपा की नीतियों और नेतृत्व पर जनता के भरोसे का परिणाम बताया।
भाजपा जिलाउपाध्यक्ष अनुरंजन मिश्रा ने कहा कि यह जीत हिंदुत्व और सनातन विचारधारा की जीत है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में अब आतंक का अंत होकर सुशासन की स्थापना हुई है। साथ ही उन्होंने इस सफलता का श्रेय सीवान के सदर विधायक और स्थानीय नेता मंगल पांडेय की रणनीति को भी दिया।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष मनोज कुशवाहा, वरिष्ठ नेता अनिल गिरि, केसर श्रीवास्तव, युवा मोर्चा अध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद, विजय साह, गौरीशंकर राम, सच्चिदानंद गिरि, सुशील वर्मा, रिम्पी मिश्रा, श्याम सुन्दर प्रसाद, सोनू लाल, विकास शर्मा, काली बाबा, वीरेन्द्र साह, जितेन्द्र प्रसाद, देवलाल राम और जय प्रकाश सोनी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी बनाए रखी गई और शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम संपन्न हुआ।






