Bihar News: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर अनियंत्रित होकर पलटी बंदी वाहन बस; सड़क हादसे में सिवान पुलिस के अधिकारी समेत दो की मौत, तीन जवान घायल

Share

यह हादसा लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर उस समय हुआ, जब सीवान मंडल कारा से बंदी को न्यायालय में पेशी के बाद वापस लाया जा रहा था; सीवान पुलिस महकमे में शोक की लहर

क्राइम न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

सीवान | संवाददाता

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में मंगलवार की सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सिवान पुलिस के एक पदाधिकारी और एक बंदी की मौत हो गई, जबकि तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर उस समय हुआ, जब सीवान मंडल कारा से बंदी को न्यायालय में पेशी के बाद वापस लाया जा रहा था। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह लगभग चार बजे उन्नाव जिले के अंतर्गत लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर बंदियों को लेकर जा रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में सिवान पुलिस के एक पदाधिकारी, तीन पुलिसकर्मी और एक बंदी सवार थे। सभी लोग गुजरात से पेशी कर लौट रहे थे।

बताया गया कि बंदी डॉ. सी.एस. तोमर उर्फ छत्रसाल सिंह तोमर को न्यायिक प्रक्रिया के तहत गुजरात के प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में पेश किया गया था। पेशी पूरी होने के बाद पुलिस टीम उसे लेकर वापस सीवान लौट रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बस हादसे का शिकार हो गई।

- Sponsored -

इस दुर्घटना में सिवान पुलिस के पदाधिकारी प्रशिक्षु अवर निरीक्षक रविचरण राम की मौके पर ही मौत हो गई। वे महराजगंज थाना क्षेत्र के महुअरी गांव के निवासी बताए जाते हैं। वहीं बंदी डॉ. सी.एस. तोमर की भी हादसे में जान चली गई। हादसे में घायल तीन अन्य पुलिसकर्मियों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, सीवान पूरण कुमार झा ने तत्काल उत्तर प्रदेश पुलिस प्रशासन से संपर्क स्थापित कर राहत एवं उपचार कार्य शुरू कराया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर स्थानीय स्तर पर घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। साथ ही मृतकों के शवों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर सीवान लाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।

इधर, घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में एक विशेष टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। टीम पूरे मामले की निगरानी कर रही है।

सिवान पुलिस ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक पुलिस पदाधिकारी और बंदी के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। पुलिस विभाग के अधिकारियों और जवानों में हादसे को लेकर गम और स्तब्धता का माहौल बना हुआ है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031