Bihar Government: हर महीने की 10 तारीख को खातों में पहुंचेगी पेंशन; सिवान के 3.02 लाख लाभार्थियों को मिले 35.83 करोड़ रुपए

Share

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किया डीबीटी हस्तांतरण

समाहरणालय सभागार में लाइव कार्यक्रम में शामिल हुए लाभार्थी और अधिकारी

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l सिवान।

बिहार सरकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत मई 2026 की पेंशन राशि बुधवार को लाभार्थियों के बैंक खातों में भेज दी गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यभर के लाभार्थियों के खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए पेंशन राशि हस्तांतरित की। इस दौरान सिवान समाहरणालय सभागार में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पेंशनधारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

राज्य स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम के तहत बिहार के 94 लाख 29 हजार 698 लाभार्थियों के बैंक खातों में लगभग 1096 करोड़ रुपए की पेंशन राशि भेजी गई। वहीं सिवान जिले के 3 लाख 2 हजार 106 लाभार्थियों के खातों में कुल 35 करोड़ 83 लाख रुपए की राशि सीधे हस्तांतरित की गई।

समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय, उप विकास आयुक्त, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, डीपीओ आईसीडीएस समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों ने भी भाग लिया और सरकार की इस पहल की सराहना की।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का उद्देश्य समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक सहायता प्रदान करना है। इनमें वृद्धजन, विधवा महिलाएं, दिव्यांगजन एवं अन्य पात्र लाभार्थी शामिल हैं। सरकार द्वारा प्रतिमाह निर्धारित तिथि पर सीधे बैंक खाते में राशि भेजे जाने से पारदर्शिता बढ़ी है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है।

योजना-वार लाभार्थियों को मिली राशि

जिले में मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के तहत सबसे अधिक 1 लाख 72 हजार 22 लाभार्थियों को 21.28 करोड़ रुपए की राशि भेजी गई। वहीं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत लाभार्थियों को 6.25 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया।

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 9,310 लाभार्थियों को 1.03 करोड़ रुपए, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 36,835 लाभार्थियों को 4.20 करोड़ रुपए, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निशक्तजन पेंशन योजना के 2,699 लाभार्थियों को 29.75 लाख रुपए तथा बिहार निशक्तजन पेंशन योजना के 24,450 लाभार्थियों को 2.76 करोड़ रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराई गई।

पारदर्शी हुई व्यवस्था, समय पर मिल रही सहायता

जिला प्रशासन के अनुसार सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत प्रत्येक माह की 10 तारीख को राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है। इससे भुगतान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और प्रभावी बनी है। नियमित आर्थिक सहायता मिलने से वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहूलियत मिल रही है।

जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने सभी लाभार्थियों से अपील की कि वे अपने बैंक खाते और आधार संबंधी जानकारी को अद्यतन रखें। उन्होंने कहा कि सही एवं अद्यतन विवरण रहने से पेंशन राशि के हस्तांतरण में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी और लाभार्थियों को समय पर योजना का लाभ मिलता रहेगा।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930