BJP Siwan Conference: सीवान में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आज, भाजपा कार्यालय में तैयारियों को अंतिम रूप

Share

मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर प्रबुद्ध जन सम्मान समारोह का आयोजन, मंत्री-सांसद समेत कई दिग्गज होंगे शामिल

पॉलिटिकल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता। सीवान।

भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में गुरुवार को आयोजित होने वाले विकसित भारत संकल्प सम्मेलन और प्रबुद्ध जन सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर बुधवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने की। इस दौरान कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई और विभिन्न मोर्चों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष सह कार्यक्रम प्रभारी अनुरंजन मिश्रा ने बताया कि केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” थीम पर आधारित यह सम्मेलन समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाने का प्रयास है।

उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम 18 जून 2026, गुरुवार को सुबह 11 बजे भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित होगा। इसमें समाज के प्रबुद्ध वर्ग, चिकित्सक, अधिवक्ता, मठ-मंदिरों के महंत, पुजारी, आचार्य, मैट्रिक और इंटर के टॉपर छात्र-छात्राएं, सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रमुख, शिक्षक, प्रोफेसर तथा सरकार द्वारा सम्मानित व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों में बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशुपालन मंत्री नंदकिशोर राम, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक कणजीत सिंह, विधायक देवेशकांत सिंह तथा पूर्व विधान पार्षद मनोज कुमार सिंह शामिल होंगे।

भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने कहा कि उनके नेतृत्व में यह कार्यक्रम भव्य और दिव्य रूप में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 50-50 प्रबुद्ध लोगों को सम्मानित किया जाएगा, जिससे समाज के उत्कृष्ट योगदानकर्ताओं को पहचान और सम्मान मिल सके।

बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर अलग-अलग मोर्चों को जिम्मेदारी सौंपी गई। महिला मोर्चा की टीम तिलक-चंदन का कार्य संभालेगी, जबकि युवा मोर्चा की टीम स्वागत और भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाएगी।

बैठक में जिलाउपाध्यक्ष धन्नजय सिंह, देवेंद्र गुप्ता, कुदन सिंह, जिला महामंत्री अनुराधा गुप्ता, राजेश श्रीवास्तव, हरेंद्र कुशवाहा, जिला मंत्री विजय चौधरी, युवा मोर्चा अध्यक्ष अजीत चौरसिया, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष अजय पासवान और मीडिया प्रभारी आदित्य पाठक सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930