NEET Re Exam: NEET UG पुनर्परीक्षा को लेकर सिवान में हाई अलर्ट, 12 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में होगी परीक्षा

Share

21 जून को होने वाली पुनर्परीक्षा के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार, अभ्यर्थियों के लिए सख्त गाइडलाइन जारी; अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

एजुकेशन न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l सिवान।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित होने वाली नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सिवान जिला प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। आगामी 21 जून (रविवार) को आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय और पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने संयुक्त रूप से केंद्राधीक्षकों, स्टैटिक दंडाधिकारियों, जोनल दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

जिले में इस पुनर्परीक्षा के लिए कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा और निगरानी के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की एंट्री सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही होगी। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की पवित्रता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वीडियो रिकॉर्डिंग, बायोमैट्रिक सत्यापन और जैमर की व्यवस्था की गई है। साथ ही प्रत्येक केंद्र पर सशस्त्र बलों के साथ स्टैटिक दंडाधिकारी की तैनाती की गई है, जबकि जिलास्तरीय अधिकारियों को जोनल दंडाधिकारी बनाया गया है।

प्रशासन ने अभ्यर्थियों के लिए सख्त गाइडलाइन भी जारी की है। किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव, नोट्स, कागज के टुकड़े, पर्स, बेल्ट, हैंडबैग, जेवर, पानी की बोतल या किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी। यदि किसी के पास ऐसा सामान पाया जाता है तो उसे कदाचार मानते हुए तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की गहन फ्रिस्किंग होगी और एडमिट कार्ड पर लगी फोटो का बायोमैट्रिक मिलान किया जाएगा। इसके बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश मिलेगा।

वहीं, सोशल मीडिया पर अफवाहों और फर्जी सूचनाओं पर नजर रखने के लिए जिला साइबर सेल की विशेष टीम सक्रिय कर दी गई है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक या तथ्यहीन जानकारी प्रसारित करने वालों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षा के दिन शहर में यातायात व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। जिला नियंत्रण कक्ष की जिम्मेदारी वरीय उपसमाहर्ता नीलम कुमारी को सौंपी गई है। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06154-242000 जारी किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संपर्क किया जा सके।

प्रशासन का दावा है कि इस बार नीट पुनर्परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ संपन्न कराया जाएगा।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31