Nalanda Police: तीन बड़ी सफलताएं – गोलीकांड का आरोपी गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा बरामद, लूट का मास्टरमाइंड पकड़ा गया

Share

नालंदा पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से अपराधियों की कमर टूटी

बिहार डेस्क l केएमपी भारत l पटना

बिहारशरीफ। अविनाश पांडेय।
नालंदा पुलिस की सक्रियता ने एक बार फिर अपराधियों के हौसले पस्त कर दिए हैं। महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने तीन अलग-अलग बड़ी कार्रवाई कर अपराध जगत में खलबली मचा दी। गोलीकांड के आरोपी की गिरफ्तारी, हथियारों के जखीरे की बरामदगी और लूटकांड के मास्टरमाइंड की धरपकड़—इन सफलताओं ने नालंदा पुलिस को वाहवाही दिलाई है।


गोलीकांड का आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे

सोमवार (25 अगस्त) की शाम करीब 7:45 बजे दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय चौक पर स्कूटी सवार युवक को अपराधियों ने गोली मार दी थी। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक भारत सोनी के निर्देश पर थानाध्यक्ष जितेंद्र राम के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। कुछ ही घंटों की मेहनत के बाद पुलिस ने सिपाही गांव निवासी अशोक पासवान के पुत्र जीते पासवान उर्फ जितेंद्र पासवान को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से ही आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। सहायक पुलिस अधीक्षक नुरुल हक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गोलीकांड के शिकार युवक के खिलाफ भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं, जिससे दोनों के आपराधिक कनेक्शन सामने आ रहे हैं।


मकान से मिला हथियारों का जखीरा

इसी क्रम में लहेरी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर शिवपुरी मोहल्ले में छापेमारी कर बड़ी सफलता पाई। एक मकान से दो देसी कट्टा, तीन मैगजीन और 19 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से मानपुर थाना क्षेत्र के इटोरा गांव निवासी 45 वर्षीय सागर प्रसाद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने मछली व्यवसाय के साथ-साथ अवैध हथियार कारोबार में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस उसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।


रहुई पुलिस ने पकड़ा लूटकांड का मास्टरमाइंड

तीसरी सफलता रहुई थाना पुलिस के खाते में दर्ज हुई। थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने टीम के साथ छापेमारी कर नगर थाना क्षेत्र के नकटपुरा गांव निवासी 20 वर्षीय प्रेम कुमार को गिरफ्तार किया। वह हाल ही में हुई लूट की घटना का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके पास से लूटे गए 3200 रुपये नगद और घटना में प्रयुक्त काले-नीले रंग का बजाज मोटरसाइकिल भी जब्त किया।


पुलिस की कार्यशैली पर जनता में संतोष

नालंदा पुलिस की इन तीन ताबड़तोड़ सफलताओं से जिले में अपराधियों में हड़कंप मच गया है। वहीं, आम लोगों के बीच पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई की सराहना हो रही है। सहायक पुलिस अधीक्षक नुरुल हक ने कहा कि अपराध के किसी भी रूप को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है और अपराधियों की धरपकड़ जारी है।

- Sponsored -

कुल मिलाकर, पुलिस की इन उपलब्धियों ने अपराधियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं और जिले में शांति बहाली की उम्मीद मजबूत हुई है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930