NDA Election 2025: मोदी-नीतीश का संकल्प: 2047 तक विकसित भारत, बिहार में एनडीए की 200+ सीटें

Share

रामकृपाल यादव ने सिवान में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल-तेजस्वी पर साधा निशाना

सेंट्रल डेस्क l केएमपी भारत l पटना

सिवान। सिवान परिसदन में बुधवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपलब्धियों को गिनाया और कहा कि दोनों का एक ही संकल्प है—2047 तक भारत और बिहार को विकसित राज्य बनाना। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए 200 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगा।

रामकृपाल यादव ने कहा कि मोदी-नीतीश सरकार ने गरीबों और महिलाओं के जीवन में ऐतिहासिक बदलाव किया है। हर घर नल से जल, मुफ्त गैस, आवास, 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली, 1100 रुपये मासिक पेंशन, आयुष्मान कार्ड और 35% आरक्षण जैसी योजनाओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचा। उन्होंने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का जिक्र करते हुए कहा कि हर परिवार की एक महिला को 10 हजार रुपये और बाद में 2 लाख रुपये तक का सहयोग मिलेगा।

उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर करारा हमला बोला। कहा कि वोटर अधिकार यात्रा के दौरान दोनों नेताओं ने बिहार और मातृत्व का अपमान किया है। तेजस्वी यादव को उन्होंने ‘पिछलग्गू यादव’ बताते हुए कहा कि वह कांग्रेस के चरणों में पगड़ी रख चुके हैं, जिससे लालू समर्थक भी आहत हैं। यादव ने सनातन धर्म पर कांग्रेस नेताओं के बयानों और बिहारियों पर की गई टिप्पणी को शर्मनाक बताया।

उन्होंने कहा कि राहुल और तेजस्वी लोकतांत्रिक संस्थाओं पर अविश्वास जता रहे हैं। कांग्रेस द्वारा चुनाव आयोग को मतदाता सूची से 89 लाख नाम काटने का आवेदन देना, बिहारियों को हटाने और घुसपैठियों को बचाने की साजिश है। यादव ने अपील की कि समझदार लालू समर्थक एनडीए से जुड़कर विकास और सम्मान की धारा में आएं।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राहुल तिवारी, पूर्व सांसद ओम प्रकाश यादव, प्रदेश मंत्री नरेश चौहान, मीडिया विभाग के प्रदेश संयोजक रणधीर यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष संजय पांडे, अभिमन्यु सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुभाष कुशवाहा, पूनम गिरी, नगर परिषद उप सभापति किरण गुप्ता, राजेश श्रीवास्तव, अनुराधा गुप्ता, मीडिया प्रभारी आदित्य कुमार पाठक, अजय पासवान, अजित कुमार, सत्यम सिंह, गोविंद बासु और विजय चौधरी उपस्थित रहे।

- Sponsored -

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031