जेपी चौक पर पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ जताया आक्रोश
जिलाध्यक्ष बोले- महिला सुरक्षा पर जवाबदेही तय करे सरकार
पॉलिटिकल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता l सीवान। जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ हुई कथित यौन हिंसा समेत बिहार के विभिन्न हिस्सों में महिलाओं और छात्राओं के साथ हुई घटनाओं के विरोध में मंगलवार को सीवान में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के इस्तीफे की मांग करते हुए जेपी चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। जमुई मामले में पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और अन्य आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए एसआईटी गठित की गई है।
प्रदर्शन से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला परिषद परिसर से जुलूस निकाला। जुलूस कचहरी रोड होते हुए जेपी चौक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने मुख्यमंत्री के पूर्व दिए गए बयान का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर कहा था कि यदि रात में किसी गांव से कोई व्यक्ति घूमकर आए और किसी को छू दे तो वे सुबह इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने कहा कि जमुई की घटना के बाद भी मुख्यमंत्री को अपनी कही बात के अनुरूप जवाबदेही तय करनी चाहिए।
सुशील कुमार ने कहा कि जमुई की घटना ने महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रा के विरोध और गुहार के बावजूद आरोपियों ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि किसी लड़की के शरीर, उसकी आवाजाही और उसकी पसंद पर किसी पुरुष को अधिकार समझने की मानसिकता सामाजिक रूप से भी चुनौती देने की जरूरत है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जमुई की घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामले ने व्यापक स्तर पर आक्रोश पैदा किया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है और आरोपियों की पहचान की जा रही है। साथ ही नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
किसान सभा के राज्य महासचिव अशोक कुमार सिंह ने कहा कि अपराधियों में कानून का भय कायम रखना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार को प्रभावी कदम उठाने होंगे।
कांग्रेस प्रदेश प्रतिनिधि डॉ. के. एहतेशाम ने सीवान में हुई गोलीबारी की घटना का भी उल्लेख करते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार को आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के साथ-साथ दोषियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
कांग्रेस नेता विश्वनाथ यादव ने जमुई की घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि महिला एवं बालिका सुरक्षा के मुद्दे पर जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों को संवेदनशीलता के साथ अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और मंत्री श्रवण कुमार के बयानों की आलोचना की।
कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष शशि कुमार ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने घटनाओं की जवाबदेही तय करने की मांग की।
प्रदर्शन में कांग्रेस अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राधेश्याम शर्मा, हाफिज जुबैर, कुतुबद्दीन अहमद, संस्कार यादव, आशुतोष कुमार, इमाम सफर, बैजनाथ कुमार, मनुल कुमार मिश्रा, सेराज आलम, छोटू कुमार, बुद्धु ठाकुर समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।






