स्वर्णकार संघ के प्रतिनिधियों ने सुरक्षा, शस्त्र लाइसेंस और लंबित लूटकांडों में संपत्ति बरामदगी का मुद्दा उठाया
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता l सिवान।
समाहरणालय स्थित सभागार में सोमवार को जिला एवं प्रखंड स्तर के स्वर्णकार व्यवसायियों और पुलिस प्रशासन के बीच संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पुलिस और व्यवसायियों के बीच बेहतर समन्वय से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। व्यवसायी भी अपने प्रतिष्ठानों और कारोबार से जुड़ी सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां समय-समय पर पुलिस के साथ साझा करें, ताकि किसी भी संभावित घटना को रोकने में मदद मिल सके।
कार्यक्रम की अगुवाई अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ के राष्ट्रीय सचिव एवं अर्चना ज्वेलर्स के संचालक रूपेश कुमार, प्रदेश अध्यक्ष सत्यम भारतीय, जिलाध्यक्ष आनंद कुमार, महाराजगंज प्रखंड अध्यक्ष सहित अन्य प्रमुख स्वर्ण व्यवसायियों ने की। संवाद के दौरान व्यवसायियों ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों को रखा।
पीड़ित व्यवसायियों ने सुनाई आपबीती
बैठक में कई स्वर्ण व्यवसायियों ने पूर्व में उनके साथ हुई लूट और आपराधिक घटनाओं की जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी। व्यवसायियों ने बताया कि आपराधिक घटनाओं में उनकी वर्षों की जमा पूंजी चली जाती है। इससे कई परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाता है। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित मामलों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित थानों को निर्देशित करने की बात कही।

प्रदेश अध्यक्ष सत्यम भारतीय ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष लूटकांड के शिकार हुए कई पीड़ित स्वर्णकार परिवारों का मामला रखा। उन्होंने कहा कि कई ऐसे पीड़ित व्यवसायी हैं, जिनकी जीवनभर की पूंजी अपराधियों द्वारा लूट ली गई। संपत्ति की बरामदगी नहीं होने से वे आज भी आर्थिक परेशानी का सामना कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से ऐसे मामलों में कार्रवाई तेज करने और बरामदगी के प्रयासों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।
शस्त्र लाइसेंस में सहयोग की मांग
राष्ट्रीय सचिव रूपेश कुमार ने स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा को देखते हुए शस्त्र लाइसेंस के आवेदनों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि स्वर्ण व्यवसायी बड़ी मात्रा में कीमती आभूषण और नकदी का कारोबार करते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा एक महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से आग्रह किया कि स्वर्ण व्यवसायियों द्वारा किए जा रहे शस्त्र लाइसेंस के आवेदनों में थाना स्तर से लेकर जिला स्तर तक आवश्यक सहयोग किया जाए, ताकि पात्र व्यवसायियों के आवेदनों की प्रक्रिया नियमानुसार सरलता से पूरी हो सके।
रूपेश कुमार ने कहा कि व्यवसायियों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति जागरूक रहने के साथ पुलिस के साथ लगातार संपर्क और समन्वय बनाए रखना चाहिए।
पुलिस-व्यवसायी समन्वय पर जोर
पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने व्यवसायियों को सुरक्षा के संबंध में आवश्यक जानकारी दी और कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दी जानी चाहिए। उन्होंने व्यवसायियों से अपने प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा के आवश्यक उपाय अपनाने तथा आपसी समन्वय बनाए रखने की अपील की।
बैठक में व्यवसायियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को पुलिस अधीक्षक द्वारा गंभीरता से सुने जाने और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिए जाने पर स्वर्णकार संघ के पदाधिकारियों एवं व्यवसायियों ने उनका आभार जताया। कार्यक्रम में जिला एवं प्रखंड स्तर के कई स्वर्ण व्यवसायी और संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।






