Crime News update: सीवान में अपराध पर पुलिस का शिकंजा, कहीं युवक पर जानलेवा हमला तो कहीं हथियार के साथ गिरफ्तारी

Share

गरीबनाथ मंदिर के पास युवक का आधा कान कटा

सराय में लोडेड पिस्टल-कारतूस के साथ दो गिरफ्तार

- Sponsored -

पांच वांछितों ने कोर्ट में किया सरेंडर

क्राइम न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता | सीवान

सीवान में आपराधिक घटनाओं और अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई एक साथ सामने आई है। नगर थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया, जिसमें उसका आधा कान कट गया। वहीं सराय थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से लोडेड देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और बिना कागजात की स्कूटी बरामद की। दूसरी ओर जिले में लगातार हो रही छापेमारी और दबिश के बीच हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी और शराबबंदी कानून के मामलों में वांछित पांच आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस इन सभी मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच में जुटी है।

- Sponsored -

सीवान में गरीबनाथ मंदिर के पास युवक पर जानलेवा हमला

गर्दन पर वार से बचा तो धारदार टिन वाइपर कान पर लगा, आधा कान कटकर लटका

आपसी विवाद में दो युवकों पर हमला करने का आरोप, सदर अस्पताल में चल रहा इलाज; पीड़ित के बयान पर नगर थाने में प्राथमिकी

संवाददाता | सीवान

नगर थाना क्षेत्र के बाबा गरीबनाथ मंदिर के समीप आपसी विवाद को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पूर्व से घात लगाए दो युवकों ने युवक को घेरकर धारदार टिन के वाइपर से उसकी गर्दन पर वार कर दिया। युवक ने बचने के लिए हाथ से वार रोकने का प्रयास किया, जिससे धारदार हथियार गर्दन की बजाय उसके कान पर लगा। हमले में उसका आधा कान कटकर लटक गया। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजनों ने आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना मौलेश्वरी चौक चौक टोली निवासी आनंद कुमार के साथ हुई। आनंद ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह सुबह करीब 9 बजे बाबा गरीबनाथ मंदिर के पास मौजूद था। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और उसे घेर लिया। आरोप है कि दोनों ने जान से मारने की नीयत से उसकी गर्दन पर धारदार टिन के वाइपर से जोरदार वार किया।

अचानक हुए हमले से बचने के लिए आनंद ने अपना बचाव किया। इसी दौरान हथियार का वार उसकी गर्दन के बजाय कान पर लगा। इससे उसका आधा कान कट गया और गंभीर रूप से घायल होकर लटक गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। परिजन घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।

दो युवकों को किया गया नामजद

पीड़ित आनंद कुमार के बयान के आधार पर नगर थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने बाबा गरीबनाथ मंदिर क्षेत्र के रहने वाले आशीष कुमार और नन्दु चौहान को नामजद आरोपी बनाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों के साथ-साथ आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद मंदिर क्षेत्र में भी इस मामले को लेकर चर्चा बनी हुई है।

लोडेड देसी पिस्टल और दो कारतूस के साथ दो गिरफ्तार

कमर में खोंस रखा था देसी पिस्टल, तलाशी में 7.65 एमएम के दो जिंदा कारतूस मिले

बिना कागजात की स्कूटी भी जब्त; ई-साक्ष्य ऐप पर पुलिस ने की पूरी जब्ती प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग

संवाददाता | सीवान

जिला पुलिस की ओर से अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सराय थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक लोडेड देसी पिस्टल, 7.65 एमएम के दो जिंदा कारतूस और बिना वैध कागजात की एक स्कूटी बरामद की है। पुलिस के अनुसार तलाशी और जब्ती की पूरी प्रक्रिया स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पूरी की गई।

पुलिस को संदिग्ध अवस्था में दो युवकों के घूमने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने दोनों को रोककर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान महमद टूना के लोअर पैंट की कमर में पेट के पास खोंसकर रखा हुआ भूरे रंग के फाइबर बट वाला देसी पिस्टल बरामद किया गया। पुलिस ने हथियार को अनलोड किया तो उसमें 7.65 एमएम के दो जिंदा कारतूस मिले।

स्कूटी के कागजात भी नहीं दिखा सके

पुलिस टीम ने मौके से पीले रंग की एक स्कूटी भी जब्त की। पूछताछ के दौरान दोनों युवकों से हथियार और स्कूटी से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वे कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने हथियार, कारतूस और स्कूटी को जब्त कर लिया।

पुलिस ने जब्ती की कार्रवाई को पारदर्शी बनाने के लिए ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से पूरी प्रक्रिया की विधिवत वीडियो रिकॉर्डिंग भी की।

सराय थाने में केस दर्ज

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महमद टूना और महमद शहाबुद्दीन उर्फ अग्रवाज़ के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ सराय थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की है।

पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान हथियार कहां से आया, इसका इस्तेमाल किसी आपराधिक घटना में किया गया है या नहीं और दोनों की आपराधिक पृष्ठभूमि क्या है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस की दबिश से 5 वांछित आरोपियों ने कोर्ट में किया सरेंडर

वारंट और कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की तैयारी के बीच कोर्ट पहुंचे आरोपी, पुलिस की स्पेशल टीम कर रही थी लगातार छापेमारी

हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी और शराबबंदी कानून से जुड़े मामलों में आरोपी हैं पांचों

संवाददाता | सीवान

जिले में फरार और वांछित आरोपियों के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई के बीच पांच आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के अनुसार ये सभी विभिन्न संगीन मामलों में वांछित थे। पुलिस अधीक्षक भारत सोनी के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को लेकर जिले में लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण करने वाले आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही थी। वहीं, इनके खिलाफ गैर जमानती वारंट और कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की तैयारी भी चल रही थी। पुलिस की बढ़ती कार्रवाई के बीच पांचों आरोपियों ने न्यायालय पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।

अलग-अलग मामलों में वांछित थे आरोपी

पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण करने वालों में प्रिंस अख्तर हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले में आरोपी है। उसके खिलाफ नगर थाना कांड संख्या 720/26 दर्ज है।

नितेश साह हत्या के प्रयास के मामले में वांछित था। उसके खिलाफ महाराजगंज थाना में मामला दर्ज है। रालेउद्दीन मियां आर्म्स एक्ट के मामले में आरोपी है और उसके खिलाफ दरौंदा थाना में केस दर्ज है।

इसी तरह प्रेमचंद चौधरी चोरी के मामले में वांछित था। उसके खिलाफ आंदर और एमएच नगर थाना में मामले दर्ज हैं। वहीं धनंजय कुमार सिंह शराबबंदी कानून के उल्लंघन के मामले में आरोपी है और उसके खिलाफ दरौली थाना में कांड दर्ज है।

संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश

एसपी के अनुसार फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। साथ ही न्यायालय से जारी आदेशों के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही थी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में फरार चल रहे अन्य वांछित आरोपियों के खिलाफ भी अभियान जारी रहेगा। पुलिस टीमें ऐसे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाकर लगातार कार्रवाई कर रही हैं।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930